शहर कोतवाली क्षेत्र के बलिया मोड़ पर रविवार की देर रात बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यक्ति से तमंचे की नोक ओर चाकू से हमला कर सोने की चैन, मोबाइल सहित हजारों की नगदी लूट ली।तहरीर पर मंगलवार की देर शाम पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाली क्षेत्र के आफिसर्स कालोनी सिविल लाइंस भुजौटी निवासी विभाष कुमार मिश्र किसी काम से गाजीपुर गए हुए थे। रोडवेज बस से बलिया मोड पर आए और घर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे। तभी अचानक एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा और चाकू से डराकर उनसे सोने की एक चैन बीस हजार नकदी सहित मोबाइल लूट लिया और जबरन बाइक पर बैठा लिया।
पीड़ित ने बताया कि सभी बदमाश उसे कोपागंज की तरफ सब्जी मंडी ले जाने लगे। इसी दौरान हाथापाई होने से बाइक पलट गई। उसी बीच एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस की गाड़ी आती देख तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने वाराणसी रेफर कर दिया।