भारत स्वाभिमान और पतंजलि योग समिति की ओर से रविवार को नगर में योग संदेश यात्रा निकाली गई। यह योग संदेश यात्रा सदर तहसील और मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के सैकड़ों गांवों से होती हुई नसोपुर में समाप्त हुई । योग संदेश यात्रा का ग्राम वासियों ने जोरदार स्वागत किया । लोगों में 21 जून को विश्व योग दिवस को लेकर काफी उत्सुकता देखी गई।
समिति के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से योग को अपनाकर एलोपैथिक दवाओं की निर्भरता कम करने का आह्वान किया।
यात्रा के दौरान लोगों ने योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर पहुंचने के प्रति दिलचस्पी दिखाई। भारत स्वाभिमान की तरफ से आयोजित इस यात्रा में शामिल होने के लिए नगर के सहादतपुरा ब्रह्मस्थान पर सैकड़ों लोग एकत्र हुए। वहां से प्रारंभ हुई यात्रा सलाहाबाद होते हुए हरपुर गांव पहुंची। ग्रामीणों को यात्रा का उद्देश्य बताने और गांव वासियों के स्वागत करने के उपरांत यात्रा आगे बढ़ी और पिजउ़ा होते हुए महासों पहुंची।
इसी प्रकार महासो से खुरहट बरलाई , कासिमपुर पहुंची, वहां के ग्राम प्रधान माधव प्रकाश पांडेय ने यात्रा में शामिल सभी लोगों अल्पाहार कराया। यहां गांव वासियों ने संकल्प लिया कि विश्व योग दिवस के दिन वे लोग भारत स्वाभिमान के तत्वाधान में सोनीधापा के मैदान में आयोजित होने वाले योग शिविर में काफी संख्या में बढ़ चढ़कर भाग लेंगे। संदेश यात्रा आगे बढ़ती हुई कोपागंज कसारा तक गई , वहां से वापस जनपद मुख्यालय लौटी और नसोपुर गांव में पहुंचकर यात्रा समाप्त हुई। रास्ते में पड़ने वाले सभी गांवों के लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान जिला प्रभारी दिनेश नंदन राय ने कहा कि इस योग संदेश यात्रा के माध्यम से हमने एक नया प्रयास किया है।
कहा कि भारत स्वाभिमान का संकल्प है कि जिले के प्रत्येक गांव को रोगमुक्त बनाएंगे। योग संदेश यात्रा में पतंजलि प्रभारी सूर्यभान शर्मा , मोहन पांडेय , मिथिलेश यादव , राजेश गोस्वामी , राज सिंह , हरेंद्र , संजय सिंह , प्रमोद राय , प्रशांत राय , पंकज सहित काफी लोग शामिल रहे।