आदर्श नगर पंचायत घोसी के डॉ. प्रभुनाथ रोड पर कराए जा रहे आरसीसी निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। शिकायत के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की है।
मनोनीत सभासदों और भाजपा नेताओं ने मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था। नेताओं का आरोप है कि नियमानुसार आरसीसी सड़क की मोटाई छह इंच होनी चाहिए, जबकि ठेकेदार द्वारा मात्र चार इंच मोटाई की सड़क बनाई जा रही है। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने दो सदस्यीय जांच टीम गठित की है। टीम में तहसीलदार घोसी डॉ. धर्मेंद्र पांडेय और लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता को शामिल किया गया है।
मनोनीत सभासद डॉ. नागेंद्र सिंह, रूपेंद्र भारती, राजेश कुमार मौर्य, इंद्र बहादुर सिंह, अतुल शर्मा और विजय कुमार का कहना है कि यदि आरसीसी निर्माण में बरती जा रही अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई, तो जनप्रतिनिधि आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस बाबत तहसीलदार घोसी एवं जांच अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि आरसीसी निर्माण में अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।