मऊ। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन के तत्वावधान मेें सदस्यों और पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष के प्रारंभ में आठवें वेतन आयोग की घोषणा से देश के कर्मचारियों, शिक्षकों एवं पेंशनरों में खुशी का वातावरण उत्पन्न हुआ। परन्तु जैसे जैसे समय बीतता गया वैसे-वैसे निराशा भी होने लगी, क्योंकि अभी तक आठवें वेतन आयोग के गठन की कार्यवाही नहीं की गई है।
इससे देश प्रदेश के कर्मचारियों, शिक्षकों एवं पेंशनरों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। पेंशनरों की पेंशन राहत का शासनादेश कर्मचारियों, शिक्षकों के महंगाई भत्ते के शासनादेश की तिथि को ही जारी किया जाए। महंगाई राहत को महंगाई भत्ते से डी-लिंक न किया जाए। देश में एनपीएस और यूपीएस की व्यवस्था के स्थान पर कर्मचारियों एवं शिक्षकों को ओपीएस ही प्रदान की जाए। धरने को अश्वनी कुमार राय, आरके सिंह आदि ने संबोधित किया।