मुहम्मदाबादगोहना। स्थानीय कस्बा को आपूर्ति देने वाले बिजली सब स्टेशन का ट्रांसफार्मर जल जाने से कस्बे की बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। इससे 14 घंटे से ज्यादा की कटौती हो रही है। इलाके की बिजली दस घंटे से ज्यादा समय तक गुल रहती है। एकमात्र दस एमवी के ट्रांसफार्मर से कस्बे में दो-दो घंटे की किस्तों में बारी-बारी से आपूर्ति की जा रही है। बिजली विभाग के अधिकारियों की मानें तो समस्या दूर होने में कम से कम एक सप्ताह का समय लग सकता है।
मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा को बिजली आपूर्ति करने वाले विद्युत उपकेंद्र का दो में से एक ट्रांसफार्मर दो दिनों से खराब है। सब स्टेशन पर एकमात्र ट्रांसफार्मर से काम चलाया जा रहा है। इससे उद्योग धंधे पूरी तरह से ठप हो गए हैं। पावरलूम संचालकों, व्यापारियों, अस्पताल और नर्सिंगहोम में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से परेशानी हो रही है।
कस्बा की बिजली आपूर्ति के लिए सरयां गांव में 33/11 केवीए का सब स्टेशन बना है। इसमें 10 एमवी के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। दोनों ट्रांसफार्मर से दो फीडर के माध्यम से कस्बे को बिजली की आपूर्ति की जाती है। बृहस्पतिवार की रात एक ट्रांसफार्मर के केबल में विस्फोट हो गया है। इससे एक ट्रांसफार्मर जल गया। स्थानीय स्तर पर फाल्ट ठीक कराने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच सब स्टेशन पर लगे दूसरे ट्रांसफार्मर से कस्बा के आधे हिस्से में दो-दो घंटे की शिफ्ट में बारी-बारी से आपूर्ति की जा रही है। टेक्निकल टीम के अनुसार खराबी करने में कम से कम एक सप्ताह का समय लग सकता है।
एक ही ट्रांसफार्मर से आपूर्ति होने से कस्बा के दोनों हिस्सों में अधिकतम आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। बाकी 14 से 16 घंटे लोगों को उमस, गर्मी में बिताना पड़ रहा है। आपूर्ति बाधित होने से छोटे बच्चों, अस्पताल में भर्ती मरीज ,दुकानदारों, पावर लूम संचालकों के साथ ही कस्बे के वासियों को काफी समस्या हो रही है।
इस बाबत एसडीओ नीरज कुमार का कहना है किखराबी ठीक करने के लिए बाहर से टेक्निकल टीम आई है। एक सप्तहा का समय लग सकता है।