घोसी/फतेहपुर मंडाव। जिले में प्रतिदिन चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। चोर बेखौफ होकर चोरियों को अंजाम दे रहे। पुलिस अब तक किसी का खुलासा नहीं कर सकी। शुक्रवार की देर रात चोरों ने ने दो घरों से नकदी सहित नौ लाख के आभूषण चुरा लिए। घोसी: कोतवाली क्षेत्र के कल्यानपुर निवासी मुन्ना सिंह का फोरलेन के किनारे मकान है। वह कुछ दिन पहले ही मकान में ताला बंद कर पत्नी के साथ मुंबई चले गए हैं। शुक्रवार की देर रात मकान का ताला तोड़कर चोर 15 हजार नकद, दो सोने के कंगन, दो सोने की चेन, झुमका, कर्णफूल के साथ चांदी के जेवरात चुरा ले गए। अगली सुबह ताला टूटा हुआ देख ग्रामीणों ने उनकी बहू को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। मुन्ना सिंह की बहू मुन्नी सिंह ने पुलिस को तहरीर सौंपी है।
फतेहपुर मंडाव: रामपुर थाना के बाउडीह के कमलापुर निवासी विपिन के घर में छत के रास्ते शुक्रवार की देर रात घर में घुसे चोरों ने नकदी सहित एक लाख के आभूषण चोरी कर ले गए। उनकी मां की तबीयत खराब होने पर अपने परिवार को लेकर विपिन शुक्रवार की शाम को ननिहाल चले गए थे। शनिवार की सुबह वह घर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपी है।