मऊ। प्रदेश में मोटे पौष्टिक अनाज ज्वार, बाजरा, कोदो, सावां, रागी व महुआ की खेती व उपभोग को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश मोटे अनाज पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद स्तरीय मोटे अनाज रोड शो का शुभारंभ किया गया। भाजपा विधायक रामविलास चौहान, जिलाध्यक्ष नुपुर अग्रवाल, उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह एवं उपकृषि निदेशक सत्येन्द्र सिंह चौहान की ओर से हरी झंडी दिखाई गई।
रोड शो गाजीपुर तिराहा, आजमगढ़ मोड़ होते हुए सोनी धापा के मैदान में समाप्त हुआ। मिलेट्स के उत्पादन के उपभोग के उद्देश्य से जनपद स्तर के स्कूलों सोनीधपा इंटर कालेज, जीवनराम इंटर कालेज, डीएवी इंटर कालेज, दरूल हदीश इंटर कालेज एवं तालिमुद्दीन इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं, कृषकों एवं क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से मोटे अनाज के विभिन्न उत्पाद, उनके पोषण में महत्व एवं उनके उपभोग के प्रति जन-जागरूकता विशाल रोड शो का प्रदर्शन किया गया।
छात्राओं ने हाथ में पंपलेट लेकर श्री अन्न के महत्व को बताया। मौके पर उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, डायट प्रवक्ता एवं स्कूलों के अध्यापक एवं अध्यापिकाओं ने रोड शो में बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया।