मऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता राजीव राय ने सोमवार को नगर स्थित एक प्लाजा में कहा कि भाजपा सरकार में लोगों के ऊपर उत्पीड़न कर रहे अधिकारियों पर सपा सरकार आने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि भाजपा सरकार में अधिकारी बेलगाम हो गए हैं आए दिन किसी न किसी के ऊपर गलत तरीके से द्वेष पूर्ण कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को टारगेट कर उनके ऊपर भाजपा सरकार में लगातार कार्रवाई हो रही है ऐसे में समाजवादी पार्टी उनके साथ मजबूती के साथ खड़ी है। आने वाले छह महीने बाद समाजवादी पार्टी की प्रदेश में सरकार बनेगी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होंगे। इस दौरान उन्होंने तहसील प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन और अधिकारियों पर आरोप लगाया।
कहा कि द्वेष के कारण एक निजी स्कूल पर हुई कार्रवाई को तुगलगी फरमान बताया। कहा यह सरकार स्थायी नहीं है। यह अधिकारी भी यहीं रहेंगे, भारत का संविधान भी यहीं रहेगा और हम भी यहीं रहेंगे। किसी भी चीज की इंतहा होती है लेकिन सरकारी इशारे पर प्रशासन द्वारा गलत और द्वेष पूर्ण कार्रवाई सही नहीं है। कहा कि अपने पूरे जीवन में ऐसा शासन और प्रशासन नहीं देखा। जिला प्रशासन को सीख देते हुए कहा कि अपनी साख बचानी है, जनता के बीच स्वच्छ छवि बनानी है तो निष्पक्ष होकर कार्रवाई करें। इस दौरान उन्होंने गत दिवस उन्हें मिली धमकी की शिकायत किए जाने के बाद भी कार्रवाई के नाम पर कहानी गढ़ी जाने की बात कही।