फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस-ग्रामीणों में संघर्ष, दरोगा समेत नौ लोग घायल

Tue, 07 Jul 2015 12:04 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, मऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
कोपागंज के एक गांव में आठ साल की बच्ची से दुराचार के आरोपी के थाने से फरार हो जाने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को दो घंटे तक बलिया-लखनऊ बाईपास रोड पर चक्काजाम कर दिया। यही नहीं, पुलिस जब जाम छुड़ाने पहुंची तो हल्की नोकझोंक के बाद ग्रामीणों ने उसपर पथराव कर दिया।
विज्ञापन



ग्रामीणों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को भी लाठी भांजनी पड़ी। पुलिस-ग्रामीणों के संघर्ष में जहां एक दरोगा का सिर फट गया वहीं तीन सिपाही और छह ग्रामीण घायल हो गए। पुलिस ने तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार करने के साथ ही 200 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।


कोपागंज के एक गांव की आठ वर्षीय बालिका के साथ रविवार को गांव के ही एक युवक ने दुराचार किया था। वह उसे बहला-फुसलाकर नदी के पार ले गया और दुराचार के बाद बालिका को नाव पर बैठाकर फरार हो गया।
विज्ञापन



उसने जब घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों को बताया तो वे आगबबूला हो गए। पुलिस ने आरोपी को रात में ही हिरासत में ले लिया, लेकिन कार्रवाई न कर उसे थाने में बैठाए रखा। इसके चलते आरोपी पुलिस को चकमा देकर रात में ही फरार हो गया। उधर, इसकी सूचना जब पीडि़त परिवार और गांव वालों को हुई तो वे नाराज हो गए।


सैकड़ों की संख्या में लामबंद होकर ग्रामीण सहरोज गांव के समीप अंबेडकर मूर्ति के सामने सड़क बैठ गए। उन्होंने बलिया-लखनऊ बाईपास रोड जाम कर दी। लगभग दो घंटे तक चले जाम से वाहनों की कतारें लग गईं। जाम समाप्त कराने जब पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने आरोपी को छोड़ने का आरोप लगाया।


वे थानाध्यक्ष को हटाने की मांग करने लगे। इसी को लेकर पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक होने लगी। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। बचाव में पुलिस भी लाठी भांजने लगी।


पुलिस-ग्रामीणों के बीच हुए संघर्ष में एक दरोगा समरजीत, महिला कांस्टेबिल मीरा देवी, आरक्षी रामजीत, सतीश एवं ट्रक ड्राइवर रमाकांत घायल हो गया। पथराव से एक ट्रक का शीशा भी टूट गया।


 पुलिस के लाठीचार्ज में केदार, पिंकी, कमलेश, रामानंद आदि ग्रामीणों को भी चोटें आईं। मौके पर मची भगदड़ के बीच पुलिस ने जाम समाप्त करा दिया। इस मामले में पुलिस ने ग्रामीण बृजमोहन, अशोक और दीनानाथ को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन नामजद सहित 200 ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज कराया। उधर, ट्रक चालक रमाकांत ने भी इन्हीं तीनों को नामजद करते हुए करीब 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें