पिपरीडीह चौराहे के पटरीयो पर लगी दुकाने जिससे आये दिन लगा रहता है जाम।
नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में पटरी पर दूकान लगाने वालों को कोर्ट के आदेश पर स्थापित करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इस दौरान जिला प्रशासन के आदेश पर नगर निकाय पटरी दूकानदारों को लाइसेंस जारी करने की कवायद शुरू कर दिया है।
कोर्ट ने पूर्व में जारी किए गए आदेश पर अमल न होने पर पुन: शासन को इस पर काम शुरू करने की हिदायत दी, इस क्रम में प्रदेश सरकार ने पटरी दूकानदारों को स्थापित करने का आदेश जिला प्रशासन को जारी किया। जिला प्रशासन ने नगर निकाय को पटरी दूकानदारी करने वालों को स्थापित करने के लिए नगर निकाय को आदेश दिया। ईओ नगर पालिका विद्यासागर यादव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पटरी दूकानदारों को स्थापित करने के लिए काम शुरू कर दिया गया है। कोर्ट के आदेश पर पटरीदूकानदारों को लाइसेंस विधि से स्थापित किया जाएगा।
अभी सभी को लाइसेंस जारी करने के लिए उनकी संख्या का पता कराया जा रहा है। इसके बाद सभी को लाइसेंस जारी कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। इस संबंध में प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी हरिश्चंद्र ने बताया कि पटरी दूकानदारों को स्थापित करने के लिए जल्द ही एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में दूकानदारों को कैसे और कहा स्थापित किया जाएगा, इसका निष्कर्ष निकाला जाएगा। दूसरी तरफ कोर्ट के जारी आदेश पर बात करने पर ठेला लगाने वाले अर्जुन मौर्य और कृष्णा ने हर्ष व्यक्त किया। बोले हम गरीबों का भी घर चल जाएगा। दूकानदारों ने कहा कि यह व्यवस्था लागू होने पर रोज-रोज उन्हें कोई भगाएगा नहीं। साथ ही वो भी इज्जत के साथ दूकानदारी कर सकेंगे।