मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में करणी सेना ने शुक्रवार रात सपा प्रवक्ता राजीव राय के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें करणी सेना के मऊ जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि टिप्पणी से मुख्यमंत्री की छवि धूमिल हुई है।
दो दिसंबर को सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय ने बकवल स्थित पालिका के कम्युनिटी हाल में प्रेसवार्ता का आयोजन किया था। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
इसको लेकर शुक्रवार को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने गाजीपुर तिराहे पर धरना-प्रदर्शन कर राजीव राय का पुतला फूंका और देर रात सरायलखंसी थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज की है।