रानीपुर (मऊ)। अपर पुलिस अधीक्षक टीएन त्रिपाठी ने सोमवार को रानीपुर थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने महिला हेल्प डेस्क रजिस्टर, समाधान रजिस्टर, मेस, साफ सफाई, माल खाना व कम्प्यूटर कक्ष को बारीकी से देखा। इसके साथ ही थानाध्यक्ष सहित पुलिस कर्मियों के साथ अपराध समीक्षा की। थाने का निरीक्षण करने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक दपेहड़ी गांव पहुंचे। उन्होंने दो दिन पूर्व हुई महिला की संदिग्ध हालात में मौत के मामले की पड़ताल की। उन्होंने घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों को घटना के बाद पारदर्शी तरीके से जांच करने का निर्देश दिया।
शुक्रवार को संदिग्ध हालात में एक महिला की मौत के बाद मायके वालों को बिना सूचना दिए ही ससुराल वालों ने मृतका का दाह संस्कार कर दिया था। मृतका की मां काझा गांव निवासी दुर्गावती पत्नी राजेश ने थाने में ससुराल वालों के खिलाफ बेटी अल्पना को दहेज के लिए मारने पीटने और और बिना सूचना दिए ही दाह संस्कार करने के मामले में अपने मृतका के पति राहुल, सास और दो देवरों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाने की पुलिस ने इस मामले आरोपित सास का चालान रविवार को कर दिया।