कोपागंज गौरीशंकर मंदिर के पास सांड का आतंक।संवाद
- फोटो : Chineni news
कोपागंज। नगर पंचायत के गौरीशंकर मंदिर और थाने के आसपास सांड़ के उत्पात से नगरवासी परेशान हैं। सांड़ ने एक महीने में छह लोगों को जख्मी किया है। आते जाते लोगों पर कब कहां हमला कर दे कोई नहीं जानता।
ये स्थिति बीते एक साल से है। लोगों की शिकायत पर नगर पंचायत ने किसी तरह रेस्क्यू करके सांड़ की आंख पर पट्टी बांधकर कहीं दूर सुनसान स्थान पर छोड़ा था। लेकिन वो हर बार भागकर चला आता है। मंदिर पर पूजा करने आने वाली महिलाएं और बच्चों को देखते ही दौड़ा लेता है।
नगर पंचायत के कर्मचारी असलम को उनके हाते में घुसकर घायल कर दिया। रुद्रदत्त त्रिपाठी थाने के पीछे अपने बगीचे में बैठे थे, तभी सांड़ ने हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया।
आसपास के लोगों के शोर मचाने पर सांड़ उन्हें छोड़कर भागा था। तीन दिन पहले थाना के पास रामनवल राजभर की बाइक क्षतिग्रस्त कर दी थी। स्थानीय निवासी पीयूष राय, सत्येंद्र आदि लोगों ने बताया कि त्योहार के चलते इस समय कोपागंज बाजार में दिन में भीड़ लग रही है। इसी बीच सांड़ लोगों पर हमला कर रहा है। इसी तरह कई दुकानों में भी घुसकर तोड़फोड़ कर चुका है। सभी ने वन विभाग का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सांड़ को पकड़कर दूर जंगल में छोड़ने की मांग की है।