मधुबन। जिले में एसआईआर के तहत छूटे हुए और नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी संबंधित बूथ लेवल अधिकारी अपने अपने बूथों पर मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, नाम हटाने और संशोधन फार्म लेने के लिए तैनात रहे। डीएम आनंद वर्द्धन ने विधानसभा क्षेत्र मधुबन के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। मतदान केंद्र कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर बारहगांवा स्थित 10 बूथों और मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय सिपाह स्थित 3 बूथों का निरीक्षण करते हुए अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट ली। बीएलओ से अब तक प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की संख्यात्मक व अपडेट की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश जारी करते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से कोई भी पात्र नागरिक किसी भी दशा में वंचित न रहने पाए।
बीएलओ को निर्देशित किया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें। नागरिक 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता पर की जाए। इस दौरान एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी मधुबन दीपक कुमार सिंह आदि अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।