राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले में बदहाल सड़क सहित विभिन्न मांगों को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को लोक निर्माण विभाग के कार्यालय का घेराव किया। साथ ही कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिले के विभिन्न इलाकों में बनी अधिकांश सड़कें पूर्ण रुप से ध्वस्त हो चुकी हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं।
जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़कों पर चलना जानलेवा हो चुका है। जनता की दुख तकलीफों को शासन प्रशासन कोई लेना देना नहीं है।
जनपद में सड़कों के निर्माण कार्य में जमकर धांधली हो रही है। मानक के अनुरुप सामग्री का इस्तेमाल न होने से सड़कें कुछ दिन बाद ही पूर्ववत अवस्था में आ जा रही है। संपर्क मार्गों की स्थिति तो अति दयनीय है।
निर्माण के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। लोक निर्माण विभाग पूर्ण रुप से भ्रष्टाचार की जद में आ चुका है। कमीशनखोरी के वजह से विकास की रफ्तार रुक गई है।
अंत में सड़क निर्माण तथा मरम्मत कार्य में हुई धांधली की उच्चस्तरीय जांच कराने, कोपागंज-कसारा मार्ग, कोपागंज-मूूंगमास, अमिला-बोझी मार्ग निर्माण को शुरू कराने सहित राज्यपाल को संबोधित को जिलाधिकारी को तीन सूत्री ज्ञापन को सौंपा।