मधुबन। तहसील क्षेत्र के मधुबन घोसी मार्ग स्थित सिपाह इब्राहिमाबाद बाजार में ऊषा वस्त्रालय में शुक्रवार की देर शाम को शार्ट-सर्किट से अचानक आग लग गई। इस आगलगी में लगभग 15 लाख का सामान जलकर खाक हो गया। जिसकी सूचना अग्निशमन दल को दी गई। जब तक अग्निशमन दल पहुंचा तब तक कपड़ों सहित पूरी दुकान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई।
बता दें कि थाना क्षेत्र के अहिरौली समसपुर गांव निवासी धीरज राजभर पुत्र रामाश्रय राजभर की कपड़े की दुकान सिपाह इब्राहिमाबाद बाजार में स्थित है। दुकानदार धीरज रोजाना की भांति शाम सात बजे दुकान बंद कर घर चला गया। जिसके कुछ देर बाद लगभग साढ़े आठ बजे अचानक बिजली के शार्ट-सर्किट से आग लग गई। जिसकी सूचना बगल में रह रहे लोगों ने फोन पर दुकानदार को दी।
सूचना मिलते ही आनन-फानन मे दुकानदार मौके पर पहुंचा तो देखा कि दुकान धू-धू कर जल रही है। यह देख उसके होश ही उड़ गए। उसने यूपी डायल 112 को तथा 101 डायल करके अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दिया। सूचना पाकर जब तक अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंचता तब तक आस-पास लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था। दुकानदार के अनुसार आगलगी में लगभग पंद्रह लाख का नुकसान हुआ है। दुकान सहित लगभग 15 लाख के कपड़े जलकर नष्ट हो गए हैं। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों के दर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। लोगों का कहना था यदि सूचना के कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंच जाते तो शायद क्षति इतनी अधिक नहीं होती।