नगर के निजामुद्दीनपुरा स्थित लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल में आयोजित वालीबॉल मैच में शाट लगाते
नगर के निजामुद्दीनपुरा स्थित लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल के प्रांगण में मंगलवार को इंटर हाउस वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा।
संघर्षपूर्ण मैच में शिवाजी हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तिलक हाउस को 2-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मैच में शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त कांटे की टक्कर देखने को मिली।
तिलक हाउस ने आक्रामक शुरुआत करते हुए पहला सेट 21-17 से अपने नाम किया और शुरुआती बढ़त बनाई। शिवाजी हाउस ने रणनीति बदलते हुए शानदार वापसी की और दूसरा सेट 21-15 से जीतकर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया।
तीसरे और अंतिम सेट में शिवाजी हाउस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल का परिचय दिया और 21-17 से सेट जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम की ओर से शांतनु सिंह ने सर्वाधिक 7 अंक हासिल किए, जबकि आदित्य कुमार सिंह ने 4 महत्वपूर्ण अंक जोड़कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पूरे मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शांतनु सिंह को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। पूरे मुकाबले के दौरान दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
मैच का संचालन और निष्पक्ष निर्णायक की भूमिका पंचम और चंद्रशेखर ने निभाई। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य सरिता केडिया और डिप्टी डायरेक्टर केडिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।