मऊ। विधान सभा चुनाव में शिक्षा मित्रों, आंगनबाड़ी कर्मियों, अनुदेशकों रोजगार सेवकों अथवा इनके जैसे अन्य कर्मियों की चुनाव ड्युटी लगाई जा सकती है। ऐसा मतदान में सरकारी स्थाई कर्मचारियों की कमी होने पर किया जाएगा। जनपद में तैनात शिक्षा मित्र/महिला शिक्षा मित्रों, रोजगार सहायकों, अनुदेशकों, आंगनबाड़ी कार्मिकों व अन्य समकक्ष को मतदान कार्मिकों के रूप में ड्यूटी लगाई जा सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार ने बताया गया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में यदि जनपद में चुनाव कार्मिकों की कमी मंडलीय पूल से पूरी नहीं होती है तो ऐसी स्थिति में शिक्षा मित्र/महिला शिक्षा मित्रों, रोजगार सहायकों, अनुदेशकों, आंगनबाड़ी कार्मिकों व अन्य समकक्ष कर्मियों को मतदान कार्मिकों के रूप में तैनात किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि जहां तक संभव होगा इन्हें आरक्षित पूल में रखा जायेगा। यदि इन कार्मिकों को चुनाव ड्यूटी में लगाने की स्थिति आती है तो शिक्षा मित्रों को मतदान अधिकारी द्वितीय एवं अन्य कार्मिकों की ड्युटी मतदान अधिकारी तृतीय के रूप में लगायी जायेगी। ऐसा पहली बार होगा जबकि शिक्षा मित्र और आंगनबाड़ी कर्मियों को चुनाव ड्युटी में लगया जाएगा। ऐसा संभवत: इसलिए करना पड़ सकता है क्यों कि इस बार कोविड गाइड लाइन के पालन के लिए मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की संख्या पिछले विध्बान सभा चुनाव की अपेक्षा बढ़ाई गई है।