नौकरी दिलाने का वादा कर कलीम मसूद को टूरिस्ट वीजा पर सऊदी अरब भेजने और उससे 1.50 लाख रुपये लेने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई मसूद के भाई सोहैल अख्तर की शिकायत और कोर्ट के आदेश पर की गई।
प्राथमिकी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के पठान टोला मोहल्ला निवासी सोहैल अख्तर के भाई कलीम मसूद की मुलाकात कोपागंज थाना क्षेत्र के हूंसापुरा मोहल्ला निवासी इरशाद अहमद और फुलेलपुरा निवासी इरशाद अहमद से हुई थी।
आरोप है कि दोनों विदेश में नौकरी दिलाने का काम करते हैं। उन्होंने मसूद को सऊदी अरब में हर माह 1100 रियाल वेतन दिलाने का भरोसा दिया और वीजा बनवाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये ले लिए।
आरोप है कि सऊदी पहुंचने के बाद टूरिस्ट वीजा होने के कारण मसूद को कोई काम नहीं मिला। करीब तीन माह तक घर से पैसे भेजकर उसका खर्च चलाया गया।
प्राथमिकी के मुताबिक, सोहैल अख्तर बीते 14 अप्रैल को मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ इरशाद के घर पहुंचे और भाई के साथ हुई कथित धोखाधड़ी के बारे में पूछा। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पूछताछ में यह भी पता चला कि कोपागंज के दोस्तपुरा मोहल्ला निवासी मुहम्मद नासिर को भी दोनों ने टूरिस्ट वीजा पर सऊदी भेजा था। बीते 25 अप्रैल को थाने में शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।