हलधरपुर। गुलौरी गांव के पास सोमवार सुबह ट्रैक पार कर रहे बाइक चालक ने इंटरसिटी एक्सप्रेस को आता देखकर बाइक छोड़कर भाग गया। बाइक इंजन में फंसकर 200 मीटर घसीटती गई। उधर रतनपुरा रेलवे स्टेशन के पहुंचने पर आरपीएफ ने बाइक हटाई और संबंधित बाइक चालक पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की।
इंदारा फेफना रूट के गुलौरी गांव स्थित खंबा नंबर 32/11 के पास बाइक सवार सुबह 7:20 पर ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान 15111 इंटरसिटी एक्सप्रेस आ गई। जिससे बाइक सवार हड़बड़ी में बाइक को ट्रैक पर छोड़कर के फरार हो गया। बाइक इंजन में फंसकर 200 मीटर तक घिसट कर आगे चली गई। इंटरसिटी के चालक ने ट्रेन को रोक करके इंजन से बाइक को अलग किया। इसकी सूचना रतनपुरा रेलवे स्टेशन के अधीक्षक सुशील कुमार श्रीवास्तव को दी गई। स्टेशन अधीक्षक ने रेलवे पुलिस बल हादसे की सूचना दे दी। चौकी प्रभारी इस प्रकरण की जांच कर रहे हैं। उधर घटना के बाद दूसरे लोग बाइक उठाकर ले गए।