मऊ। जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों में एडमिशन प्रक्रिया चल रही है। जिले में सबसे अधिक छात्र संख्या वाले डीसीएसके पीजी काॅलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में करीब 50 प्रतिशत सीटें भर चुकी हैं। बीएससी बायो में सीटें फुल हो गई हैं। जबकि अन्य सहायता प्राप्त काॅलेजों में एडमिशन प्रक्रिया धीमी गति से चल रही है।
जिले में तीन राजकीय, चार सहायता प्राप्त सहित 150 से अधिक मान्यता प्राप्त डिग्री काॅलेज हैं। विश्वविद्यालय से एडमिशन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 10 जुलाई थी। प्राचार्यों की माने तो सेमेस्टर प्रणाली लागू होने के चलते छात्र परंपरागत कोर्स करने के बजाय प्रोफेशनल कोर्स की तरफ रुख करने लगे हैं। इसी के चलते अभी तक 50 प्रतिशत से कम एडमिशन हुए हैं। जिले में सबसे अधिक छात्र संख्या वाले डीसीएसके पीजी कालेज में बीए, बीएससी और बीकाम प्रथम वर्ष में कुल 1850 सीटें हैं। बीए में 1100 सीटों के सापेक्ष 600, बीएससी बायो में सभी 178 सीटें फुल हो गई हैं।
बीएससी मैथ ग्रुप में 130 के सापेक्ष 50 एडमिशन हुए हैं। डीसीएसके पीजी कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सीपी राय ने बताया कि एडमिशन प्रक्रिया चल रही है।
इसी तरह मर्यादा पुरुषोत्तम पीजी कालेज में बीए में 160 के सापेक्ष 78 सीटों पर एडमिशन हो पाया है। प्राचार्य डॉ. निर्मला सिंह का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। बताया कि छात्र परंपरागत कोर्स के बजाय प्रोफेशनल कोर्स को प्राथमिकता दे रहे हैं। सेमेस्टर प्रणाली होने का भी असर पड़ रहा है। इसी तरह सर्वोदय पीजी कालेज में बीए में 650 सीटों के सापेक्ष 21 विद्यार्थियों ने एडमिशन कराया है। बीएससी एजी में 120 सीटों के सापेक्ष 50, बीएससी में 240 के सापेक्ष 10 सीटों पर एडमिशन हुआ है। यही हाल अन्य महाविद्यालयों का है।