माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने की चल रही तैयारी बुधवार को पूरी हो गई। विभाग की तरफ से चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं वायस रिकाॅर्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।
सचल दस्ते परीक्षा केंद्रों का चक्रमण कर परीक्षा पर नजर रखेंगे। परीक्षा में 904 परीक्षार्थी शामिल होंगे। माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हो रही है।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा की तर्ज पर ही संस्कृत बोर्ड परीक्षा वायस रिकाॅर्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। श्री दुर्गा जी संस्कृत विद्यालय, श्री बाबा नागेश्वर आदर्श उमा संस्कृत विद्यालय सोनाडीह, ज्ञानोदय संस्कृत उमा विद्यालय कमलसागर, विंध्याचल संस्कृत महाविद्यालय धवरियासाथ में सहित चार परीक्षा केंद्रों पर 904 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों पर 50 प्रतिशत वाह्य कक्ष निरीक्षकों की तैनाती होगी। जिलास्तरीय कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद का कहना है कि परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है।