मऊ। माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा शुरू होने में 21 दिन शेष हैं, लेकिन परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने की तैयारी अंतिम दौर में चल रही है। विभाग की तरफ से जिले में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं वायस रिकार्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों की त्रिस्तरीय कंट्रोल रूम से ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।
माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 27 फरवरी से प्रस्तावित है। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए विभाग की तरफ से चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं वायस रिकार्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। बोर्ड परीक्षा में 934 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा केंद्रों पर 50 प्रतिशत वाह्य कक्ष निरीक्षकों की तैनाती होगी।नकल पर नजर रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी।
बोर्ड की तरफ से जिला, मंडल और राज्य स्तर पर बने कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन नजर रखी जाएगी। जिला, मंडल मुख्यालय स्तर पर गठित सचल दल भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेगा। इसके साथ ही हर दिन प्रत्येक पाली की परीक्षा की उपस्थिति और अनुपस्थिति का विवरण ऑनलाइन भेजना होगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर परिक्षार्थियों की हर दिन प्रत्येक पाली की उपस्थिति जांचने के लिए फोटोयुक्त उपस्थिति जांचने के लिए फोटोयुक्त उपस्थिति पत्रक दिए जाएंगे। इसकी भी रिपोर्ट हर दिन मुख्यालय को भेजना होगा। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह का कहना है कि परीक्षा को हर हाल में नकलविहीन संपन्न कराया जाएगा। परीक्षा प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी।