जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई के विरोध में विभिन्न शिक्षक संगठनों की ओर से शिक्षकों ने बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया तालाबंदी कर दी। इस संबंध में बीएसए राकेश कुमार ने शिक्षक नेता सहित 80 के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस ने शिक्षक नेता कृष्णानंद राय को गिरफ्तार कर लिया। शिक्षकों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने देर शाम निजी मुचलके पर उन्हें रिहा कर दिया।
जिला प्रशासन की ओर शिक्षकों पर हुई निलंबन की कार्रवाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के विरुद्ध कई दिनों से शिक्षक आंदोलित हैं। मांगों पर विचार न किए जाने से क्षुब्ध उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर शिक्षक एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के शिक्षक बुधवार को अपराह्न बीएसए कार्यालय पहुंचे और ताला जड़ कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिना नोटिस शिक्षकों का 15 दिन का वेतन काट दिया गया है, साथ ही कई शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। बीएसए ने कार्रवाई तो कर दी लेकिन अभी तक शिक्षकों को आरोप पत्र तक नहीं दिया जा सका है।इसी बात को लेकर शिक्षकों ने बुुधवार को कार्यालय पहुंचकर बीएसए कार्यालय में जाकर ताला जड़ दिया। इससे क्षुब्ध होकर बीएसए राकेश कुमार ने शिक्षक नेता कृष्णानंद राय सहित 80 शिक्षकों के विरुद्ध सरायलखंसी थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय, सीओ सिटी सुनील कुमार सहित थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर मिश्रा पहुंचे और शिक्षक नेता कृष्णानंद राय को हिरासत में लेकर थाने ले आए। शिक्षक नेता की गिरफ्तारी के बाद सैकड़ों की संख्या में शिक्षक थाने पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। इससे पुलिस ने शिक्षक नेता को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया। इसके बाद शिक्षक शांत हुए। हालांकि कार्रवाई को लेकर अब भी उनमें नाराजगी व्याप्त है।