कस्बे के कैलेंडर तिराहे के पास बुधवार की सुबह 10:15 बजे रोडवेज बस चालक निजामुद्दीन और बाइक सवार प्रतीक यादव के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। करीब 30 मिनट तक सड़क पर हंगामा चलता रहा और बस में बैठे यात्री परेशान हुए।
किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को शांतिभंग के तहत चालान किया।
मऊ डिपो की अनुबंधित बस मऊ से सवारी लेकर शाहगंज जा रही थी। कैलेंडर तिराहे से 50 मीटर पहले तेज रफ्तार रोडवेज बस निकली और सामने से जा रही बाइक में टक्कर होने से बच गई। कैलेंडर तिराहा पर बाइक और बस चालक के बीच विवाद शुरू हो गया।
बाइक चालक युवक प्रतीक यादव निवासी रौजा मखदुम मोहल्ला मुहम्मदाबाद गोहना और बस चालक निजामुद्दीन निवासी फरीदपुर मोहल्ला ने अपने-अपने परिजनों को बुला लिया। करीब 30 मिनट तक सड़क पर हंगामा चलता रहा, फिर दोनों पक्ष मारपीट करने लगे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केके वर्मा ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर मारपीट कर रहे दोनों युवकों को पुलिस कोतवाली ले आई और शांतिभंग में चालान किया। दूसरा चालक भेजकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया गया।