आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर विरोध करते लोग।
- फोटो : MAU
घोसी। कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव भरौटी गांव के लोगों ने बुधवार की दोपहर में राष्ट्रीय राज्यमार्ग 29 पर जाम लगा दिया। जाम लगा रहे लोगों की मांग थी कि गांव निवासी युवक से मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए। जाम की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन देने पर आक्रोशित लोगों ने जाम समाप्त किया। इस दौरान 45 मिनट तक जाम रहने वाले हाईवे पर आवागमन अवरुद्ध रहा। इससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार को बड़ागांव भरौटी निवासी रामाशीष राजभर से मारपीट करने वाले चार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सुबह 11.45 बजे हाईवे पर जाम लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि रामाशीष को उसके पड़ोसी मंशा, संगीता, विशाल ने बीते 11 नवंबर को पुराने विवाद को लेकर उसका अपरहण कर गांव से दूर कुचहरा गांव ले जाकर बेहोशी हालात में फेंक दिया। आरोप लगाया कि आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस द्वारा एक सप्ताह बीतने के बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। मौके पर पहुंचे कोतवाल कुमुद शेखर सिंह तथा नगर प्रभारी प्रतापनारायण ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। कोतवाल कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि बीते 12 नवंबर को ही तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। मेडिकल रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।