सीएचसी बड़राव परिसर में हल्की बारिश से जलभराव, मरीजों को हो रही परेशानी।संवाद
बड़राव ब्लॉक मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। अस्पताल परिसर में जलजमाव होने से मरीजों और तीमारदारों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन की तरफ से जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है। गत मंगलवार को हुई बारिश के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलभराव होने से मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
अस्पताल की मुख्य सीढ़ियों के पास भी पानी और कीचड़ जमा होने से फिसलन बढ़ गई है। मरीजों का कहना है कि बारिश के बाद अस्पताल पहुंचने और वार्ड तक जाने में असुविधा हो रही है।
जलभराव के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को गंदे पानी से होकर आना-जाना पड़ रहा है। गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध उठ रही है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि अस्पताल परिसर में जलनिकासी की समस्या से विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। शासन स्तर से बजट मिलने पर जलनिकासी की व्यवस्था की जाएगी।