सोमवार को झमाझम बारिश के बाद नगर के निजामुद्दीनपुरा में सड़क पर हुआ जलजमाव। संवाद
मऊ। सोमवार को नगर समेत जिले के विभिन्न इलाकों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन उमस ने परेशान किया। नगर के निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों को गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ा। सहादतपुरा, निजामुद्दीनपुरा, भीटी, मुंशीपुरा, रघुनाथपुरा और महरनिया में जलजमाव की स्थिति रही।
सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और धूप-छांव का दौर चलता रहा। करीब 11 बजे के बाद मौसम बदला और दोपहर में कई स्थानों पर बारिश हुई। इस दौरान बिजली की आवाजाही से भी लोगों को परेशानी हुई।
सोमवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 77 प्रतिशत रही और 11 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण बुखार, जुकाम, पेट दर्द और अपच जैसी समस्याओं के मरीज बढ़ रहे हैं। संवाद