घोसी कोतवाली क्षेत्र के बाबा थानीदास पोखरा से सटे मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर रविवार की दोपहर टाटा पिकअप वैन को रेलबस ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप में बैठे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय रेलबस घोसी से दोहरीघाट जा रही थी।
जानकारी के अनुसार रविवार को कोटे का राशन लेकर एक पिकअप वाहन अमिला रेलवे स्टेशन से नोनारी बहरामपुर स्थित अच्छेलाल कोटेदार के यहां जा रही थी।
थानीदास पोखरा के समीप स्थित मानव रहित रेलवे क्रासिंग पार करते समय रेलबस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रेलबस करीब 20 मीटर तक पिकअप को घसीटते हुए ले गई।
घटना में पिकअप में मौजूद आदित्य (22) पुत्र दीपचंद , रमेश (25) पुत्र रामकुंवर और कमलेश (20) पुत्र झगरु निवासी अहिरानी थाना दोहरीघाट गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के बाद पिकअप चला रहे आदित्य की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।