मऊ। मुख्यमंत्री के संभावित निरीक्षण को लेकर दो ब्लाकों के छह परिषदीय स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत टाइल्स, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, गेट सहित 19 मानकों को पूरा किया जा रहा है। अधिकारी दिन रात मानीटरिंग कर रहे हैं। चयनित विद्यालयों में तेजी से हो रहे विकास कार्य को देेख ग्रामीण भी हैरान हैं।
प्रशासन की तरफ से परदहां ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय डुमरांव, बहरीपुर, कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खालिसपुर, भुजौटी, डाड़ी, शाहपुर, खुखुुदवा सहित छह परिषदीय विद्यालयों को चिह्नित किया गया है। विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत काम चल तो रहा था, लेकिन प्रत्येक विद्यालयों में कार्य अधूरा पड़ा था। अब सीएम के निरीक्षण के लिए चयन होने के बाद विद्यालयों में साफ-सफाई, टाइल्स, पेयजल, रंगरोगन, शौचालय सहित 19 मानकों पर कार्यों को पूरा कराने के लिए दिन रात काम चल रहा है। अधिकारी विद्यालयों में हो रहे कार्यों की मानीटरिंग दिन रात कर रहे हैं। कमी दिखने पर मौके पर ही सही कराने लग रहे हैं। विद्यालयों में महीनों से लंबित चल रहे कार्यो में एकाएक तेजी आने से ग्रामीण भी हैरान हैं। युद्ध स्तर पर हो रहे विकास कार्यो के मामले में ग्रामीण एक दूसरे से कह रहे थे कि काश! मुख्यमंत्री जिले में हर रोज आते। इस बाबत बीएसए डॉ. संतोष कुमार सिंह का कहना था कि परदहां तथा कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के छह परिषदीय विद्यालयों में आपरेशन कायाकल्प के तहत 19 मानकों पर कार्य चल रहा है।