नगर क्षेत्र स्थित डाकघर में डाक टिकट के लिए लगी कतार।
- फोटो : मऊ
जिले में डाक टिकटों का अभाव है। प्रधान डाकघर पर किसी तरह यह मिल जा रहा लेकिन अन्य उपडाकघरों में यह गायब है। यही वजह है कि जिले भर से अभ्यर्थी डाक टिकट के लिए प्रधान डाक घर पर पहुंच रहें हैं। लेकिन यहां भी उन्हें टिकट मशक्क्त के बाद मिल रहा है। मऊ जनपद सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में इस समय संविदा पर नगर पालिका और नगर पंचायतों में सफाई कर्मियों की नौकरी के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। इसमें एक अभ्यर्थी से 27 रुपये के दो लिफाफों पर लगे टिकट और एक मुख्य लिफाफे पर 27 रुपये का डाक टिकट लगाने के दिशा निर्देश हैं। यानी प्रत्येक अभ्यर्थी को 81 रुपये का डाक टिकट लगाना है।
इस पद के लिए सैकड़ों युवा आवेदन करने में जुटें है। लेकिन डाक टिकट का टोटा उनके इस कार्य में बाधक बन रहा। आलम यह है कि ग्रामीणांचल के उप डाकघरों में डाक टिकट एकदम से खत्म हो चुकें हैं। जरूरतमंद युवक जिले के सीमावर्ती बाजारों, ब्लाकों, तहसीलों का भी चक्कर लगा रहे हैं। वहां भी निराशा हाथ लग रही है। जिले के साथ-साथ पडोसी जिले बलिया और गाजीपुर जिलों के सीमावर्ती गांवों के युवकों की भी भीड़ प्रधान डाकघर पर देखी गई। यहां दो काउंटर से टिकट की बिक्री की जा रही है। लेकिन क्षण भर में टिकट समाप्त हो जारहा। डाक अधीक्षक शिव यादव ने बताया कि कानपुर मुख्यालय से डाक टिकट मंगाए जा रहे हैं, लेकिन वहां से भी डिमांड के सापेक्ष टिकट उपलब्ध नहीं हो पा रहा। बोले यह दिक्कत अचानक उत्पन्न हुई। अभी तो जैसे तैसे काम चलया जा रहा।