रानीपुर ब्लाक सभागार में समीक्षा बैठक को संबोधित करते प्रभारी मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी।
- फोटो : mau
जिले के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने रविवार को रानीपुर ब्लाक के सभागार में विकास कार्यो और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। खराब प्रगति मिलने पर नाराजगी जताई। शराब पर अंकुश न लगा पाने पर जिला आबकारी अधिकारी को फटकार लगाई। अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही हुई तो कार्रवाई को तैयार रहे। एसपी से कहा कि माफिया और उनके समर्थकों पर लगाम कसें।
बैठक में प्रगति रिपोर्ट पर समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि लम्बित प्रकरणों को जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया। मंत्री ने तहसील दिवस एवं थाना दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में करने के सख्त निर्देश दिये। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को सूचित भी करने का भी निर्देश मंत्री ने दिया। बैठक में महिला हेल्प लाइन, थाना दिवस से सम्बन्धित लम्बित मामलों को जल्द निस्तारण करने का निर्देश पुलिस अधीक्षक को दिया।
अवैध शराब पर प्रभावी अंकुंश न लग पाने पर जिला आबकारी अधिकारी की लापरवाही पर मंत्री ने सख्त नाराजगी व्यक्त किया। मुख्य चिकित्साधिकारी को जिला चिकित्सालय में पानी की व्यवस्था, शौचालय की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता को ठीक कराने तथा डाक्टरों द्वारा बाहर से किसी प्रकार की दवा न लिखने का निर्देश दिया। माफियाओं और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही करने का निर्देश पुलिस अधीक्षक को दिया।
अंत में कश्मीर के पुलवामा में आंतकी हमले में शहीद जवानों के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में जिला विकास अधिकारी विजय शंकर राय, परियोजना निर्देश, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।