स्वच्छ भारत मिशन के तहत परदहा ब्लाक पर खुले में शौच से आजादी को लेकर शनिवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिला अधिकारी प्रकाश बिंदु और सीडीओ आशुतोष द्विवेदी, बीडीओ छोटे लाल तिवारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मेें शामिल लोगों ने ग्रामीणों को खुले में शौच न करने और शौचालय बनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला अधिकारी प्रकाश बिंदु ने बताया कि 21 सितम्बर तक जिले को खुले में शौच से मुक्त कराना है। इसी संबंध में जिले के सभी ब्लाकों में स्वच्छता अभियान के तहत रैली निकालकर गांव गांव में प्रचार प्रसार किया जा रहा है। शनिवार को परदहा ब्लाक से जागरूकता रैली निकाली गई। इस अवसर सीडीओ आशुतोष दिवेदी ने कहा कि दो अक्टूबर तक जिले के सभी गांव ओडीएफ कराने का लक्ष्य है। रैली में ब्लाक के अधिकारी और कर्मचारी हाथ मे स्वच्छता पर स्लोगन लिखे तख्ती लिए स्वच्छ भारत अभियान पर शौचालय निर्माण से प्रेरित नारे धरती माता करे पुकार, शीशी बोतल बंद करो, शौचालय का प्रबंध करो जैसे लगाते हुए खंड विकास कार्यालय से निकले। रैली बकवल मोड़, डुमरावं मोड़, बढुआ गोदाम, कहिनौर, कुशमौर, महराबंधा, सहलाबाद मोड़, आजमगढ़ मोड़, गाजीपुर तिराहा होते हुए ब्लाक परिसर में खत्म हुई।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी छोटे लाल तिवारी, राजेश तिवारी, गोपाल, राजेश सिंह, राघवेंद्र सिंह सहित काफी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।