मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के लरेवां गांव में शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव का ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध किया। ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण रमाशंकर चौहान ने कहा कि गांव में शराब की दुकान के लाइसेंस की विज्ञप्ति चार जून को अखबारों में प्रकाशित की गई है, जिसका सभी ग्रामीण पुरजोर विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लरेवां गांव के मुख्य मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय स्थित है, ऐसे में शराब की दुकान खुलने से बच्चों और ग्रामीणों पर गलत प्रभाव पड़ेगा। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठेंगे।
ग्रामीण सचिन चौहान ने कहा कि उनका गांव शांतिप्रिय माहौल में उन्नति की ओर अग्रसर है, ऐसे में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा और कई परिवारों पर इसका नकारात्मक असर पड़ेगा।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि लरेवां गांव में प्रस्तावित शराब दुकान को तत्काल निरस्त किया जाए, अन्यथा ग्रामीण आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान अनिल चौहान, वंशराज चौहान, रमावती, दुर्गावती, पूनम, सुखिया, राधा, रूपकुमारी, बुधिया, संगीता, रेखा, सोमवती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।