कोपागंज सीएचसी का घेराव कर प्रदर्शन करते हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सीएचसी पर प्रदर्शन किया। साथ ही जमकर नारेबाजी की। बाद में सीएचसी के अधीक्षक को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सीएचओ सुनीता सिंह को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि स्वास्थ्य केंद्र पर भ्रष्टाचार चरम पर है। कहने को यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन यहां सुविधाएं पीएचसी स्तर की भी नहीं है। दवाओं का हमेशा अकाल रहता है। चिकित्सक बाहर की दवाएं लिखते हैं। मरीजों का इलाज भगवान भरोसे हो रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में पेयजल जल की व्यवस्था दयनीय है। तीमारदारों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। बिजली नहीं रहने पर जनरेटर नहीं चलाया जाता है।
सीएचसी में तैनात अधिकांश चिकित्सकों की अनियमित दिनचर्या से मरीजों को निजी अस्पतालों की शरण लेना पड़ रहा है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि 26 सितंबर तक व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बबलू ,विनय सिंह ,डॉ मिथिलेश ,मनोज कुमार ,विश्वनाथ ,अवधेश ,मृत्युंजय ,किशन कन्नौजिया ,योगेश ,हरिकेश ,सन्नी वर्मा ,विक्की आदि शामिल थे।