जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों मेें छात्र नामांकन बढ़ाने की तमाम कवायद के बाद भी कोई खास प्रगति नजर नहीं आ रही है। जिले में अभी कई ऐसे विद्यालय हैं जहां नामांकन अपेक्षा के अनुरुप नहीं हैं। इसके लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालयाें के प्रधानाचार्यो को प्रशिक्षण देकर कर्तव्यबोध कराया जाएगा। माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य प्रशिक्षण लेने लखनऊ जाएंगे।
जिले में 17 राजकीय माध्यमिक हैं। यहां बच्चों की शैक्षिक प्रगति के लिए हर साल लाखों का बजट खर्च किया जाता है, लेकिन नामांकन के समय अपेक्षा के अनुरूप छात्रों का नामांकन नहीं हो पा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अब राज्य परियोजना कार्यालय 50 से कम नामांकन वाले राजकीय माध्यमिक विद्यालय जमदरा, राजकीय माध्यमिक विद्यालय बहरामपुर, राजकीय माध्यमिक विद्यालय बेला कसैला, राजकीय माध्यमिक विद्यालय चककुचाई, राजकीय माध्यमिक विद्यालय सहरोज और राजकीय बालिका इंटर काॅलेज मुजार बुजुर्ग के प्रधानाचार्यो को नामांकन बढ़ाने के लिए कर्तव्यबोध कराने का प्रशिक्षण देगा। प्रशिक्षण का आयोजन 20 अगस्त को लखनऊ के शिक्षा निदेशक कार्यालय के सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस बाबत जिला समन्वयक समग्र माध्यमिक सीपी श्रीवास्तव का कहना है कि सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यो को पत्र जारी कर दिया गया है।