मधुबन। थाना क्षेत्र के एक गांव के निवर्तमान प्रधान पर गांव के एक युवक पर बीते रविवार को चार समर्थकों के साथ मारपीट कर उसे घायल करने का आरोप है। साथ ही उसके पास रखी हजारों रुपये की नकदी और सोने का ब्रेसलेट, मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर सोमवार को मधुबन पुलिस ने आरोपी निवर्तमान प्रधान और उसके साथियों के विरुद्ध मारपीट, लूट की गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई में जुटी हुई है।
मधुबन थाना क्षेत्र के बहरामपुर बनकटा गांव निवासी रतन गुप्ता पुत्र आनंद गुप्ता ने बताया कि उसके द्वारा ग्रामसभा में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत की थी। जिसके बाद जांच तो की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं की जा सकी है। आरोप लगाया कि इससे नाराज निवर्तमान प्रधान संतोष कुमार जायसवाल और उसके साथी रवि जायसवाल, राहुल जायसवाल और हरेंद्र यादव ने रविवार को किसी काम से बाहर जाते समय उंदुरा मोड़ के पास उसे जबरदस्ती रोक लिया। विरोध करने पर चारों ने उससे मारपीट कर उसके पास रखा 10 हजार रुपये नकदी, गले में पहने चेन तथा सोने का ब्रेसलेट, मोबाइल छीनकर उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर निवर्तमान प्रधान और उसके तीनों साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की कार्रवाई में जुटी है।