अमिला। बड़रांव ब्लॉक क्षेत्र के पीवाताल गांव में ट्रांसफाॅर्मर की केबल में फाल्ट ने करीब 50 घरों की बिजली आपूर्ति 24 घंटे से ठप कर दी। उमस भरी गर्मी में बिजली न रहने से ग्रामीणों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। लगातार बिजली गुल रहने से पेयजल से लेकर रोजमर्रा के काम तक प्रभावित हुए।
परेशान ग्रामीणों ने विद्युत निगम के आला अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की, लेकिन खबर लिखे जाने तक समस्या का समाधान नहीं हो सका था।ओमप्रकाश गोंड, अजय कुमार सिंह, रणजीत सिंह, श्रीनाथ, रामाज्ञा, बृजभान और अशोक ने बताया कि पीवाताल गांव में ट्रांसफाॅर्मर की केबल में आए दिन फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है। इसके साथ ही पिछले करीब दो माह से गांव में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द खराब केबल बदलवाकर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता श्री प्रकाश ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। संवाद