धनंजय प्रसाद/राकेश केशरी पीडीडीयू नगर/इलिया। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की ओर से जिले की 116 सड़कों पर बने गड्ढों को भरने के लिए करीब 60 लाख रुपये की कार्ययोजना बनाई गई है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
बरसात के बाद मरम्मत कार्य आरंभ करा दिया जाएगा। चयनित सड़कों में अधिकांश चंदौली, इलिया, नौगढ़ और चकिया क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं। करीब पांच सालों से ये सड़कें बदहाल पड़ी हैं। कई पर तो इतने गड्ढे बन गए हैं कि लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को विवश हैं।
इन सड़कों पर पिछले करीब पांच साल से मरम्मत के अभाव में गड्ढे बन गए हैं। बरसात के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इलिया की कई सड़कों पर इन दिनों चलना जोखिम भरा हो गया है। क्षेत्र स्थित बेन-धरौली मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बनने से यात्रा करना कष्टकारी है। बारिश होने से गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। करीब 14 किलोमीटर दूरी का यह मार्ग जिला मुख्यालय को जोड़ता है। इस मार्ग से डेहरी, बेन-तियरी, इलिया, करानी, हाटा, हटवां, जंगलपुर, निचोट कलां, कमलपुरवां, भुड़कुंड़ा, बटउंवा, मंझुई, खिलची, रजड़ीहा, घोड़सारी, इमिलियां, परवंदापुर, बरियारपुर, रोहाखी, खखड़ा, जेगुरी आदि गांवों के लोगों का आवागमन होता है। मार्ग पर पिछली बार मरम्मत कार्य के दौरान कहीं भी कंप्रेसर रोलर का प्रयोग नहीं किया गया था। क्षेत्र के ख़रौझा से सीहर गांव को जाने वाला मुख्य मार्ग भी कई सालों से बदहाल पड़ा है।