धीना। धानापुर विकास खंड के रैथा गांव में सोमवार को करीब 12 बजे जर्जर हो चुके एएनएम केंद्र की दीवार का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस दौरान वहां काम रहा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने मजदूर को मलबे से बाहर निकाला और निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
ग्राम प्रधान इजहार अली ने बताया कि गांव में नया एएनएम सेंटर बनकर तैयार है। पुराने भवन को हटाने का काम चल रहा था। मजदूर भवन से ईंटें निकालकर उन्हें अन्य कार्यों में प्रयोग के लिए तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार का एक बड़ा हिस्सा गिर पड़ा। जिससे मजदूर डब्लू राम (40) मलबे में दब गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसे मलबे से बाहर निकाला और निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। ग्रामीणों की मांग है कि जर्जर भवनों को हटाने में सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। चिकित्सा प्रभारी सीएचसी धानापुर डाॅ. रमेश कुमार ने कहा की बिल्डिंग गिराने का अधिकार ग्राम पंचायत को नहीं है। यह काम संबंधित विभाग का है। घटना की जानकारी हुई है। मजदूर का इलाज निजी चिकित्सालय में चल रहा है।