पोस्ट आफिस के सभी खाते सीबीएस एकाउंट की तर्ज पर होंगे। जिले के मुख्य डाकघर में इसकी कवायद शुरू हो गई है। हालांकि इस सुधार की प्रक्रिया में डाकखाने का काम प्रभावित हो रहा है।
पांच दिनों से मुख्य डाक घर में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक डाकखाने में अधिकांश कार्य जैसे एनएससी (राष्ट्रीय विकास पत्र),
मासिक बचत योजना के तहत जमा होने वाली आरडी सहित विभिन्न प्रकार के कार्य कंप्यूटर से तो होते थे, लेकिन वह विभागीय पोर्टल पर आन लाइन नहीं हुआ करता था।
इसके चलते भविष्य में उपभोक्ताओं को कभी कभी असुविधा का सामना करना पड़ता था। शासन ने बैंकों की ही तर्ज पर डाकखानों को भी विकसित करने का फैसला लिया है।
इसकी कवायद सर्वप्रथम प्रमुख डाक घरों में शुरू की गई है, बाद में अन्य डाकघर भी बैंकों की विभिन्न शाखाओं की तरह विकसित किए जाएंगे। जिले में सर्वप्रथम इस कार्य के लिए मुख्य डाकघर को चिह्नित किया गया है।
पिछले पांच दिनों से सभी डाटा आनलाइन कर विभागीय पोर्टल पर फीड किए जाने का कार्य चल रहा है। इसके चलते इन दिनों कार्य ठप है। एनएससी से लेकर अन्य कार्य भी प्रभावित है।
इस संबंध में सहायक पोस्ट मास्टर आरपी यादव का कहना है कि बैंकों की तरह ही डाकघर में सभी सुविधाआें को आनलाइन किए जाने के चलते कार्य में बाधा पहुंच रही है।