मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहा बाजार में व्यापारियों की मांग पर पुलिस चौकी खोलने के लिए जमीन चिह्नित करने का आदेश दे दिया गया। मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा पुलिस चौकी पर शनिवार को व्यापारियों की बैठक हुई जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने व्यापारियों से कहा कि उनकी मांग पर करहा बाजार में पुलिस चौकी खोलने के लिए जमीन चिन्हित करने का आदेश दे दिया है।
उन्होंने कहा है कि जब तक पुलिस चौकी नहीं खुल जाती है तब तक करहा बाजार में एक दारोगा तथा तीन पुलिसकर्मी हमेशा तैनात रहेंगे। उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से अनुरोध किया कि आप लोग सावधानी से अपना कारोबार करें अगर रुपये बैंक में जमा करना हो तो पुलिस कर्मियों का सहयोग लें। कहा कि जिनके पास असलहे का लाइसेंस है तो जरूरत के अनुसार अपने असलहे का इस्तेमाल करें।
उन्होंने कोतवाल को निर्देश दिया कि सर्राफा गलियों में दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए ताकि कोई घटना न घटे। सादे वर्दी में दो पुलिसकर्मियों को तहसील ब्लॉक भीड़ भाड़ जगहों पर तैनात किया जाए। इस मौके पर करहा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विष्णु कांत श्रीवास्तव, तहसील व्यापार मंडल के अध्यक्ष डॉ. धर्म सिंह, मुहम्मदाबाद गोहना व्यापार मंडल के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता, त्रिभुवन नारायण सिंह, प्रेमचंद गुप्ता, पूर्व चेयरमैन लालजी वर्मा, एनुल मुजफ्फर,कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार पाठक ,कस्बा चौकी इंचार्ज जगदीश सिंह आदि उपस्थित रहे।