पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल की अध्यक्षता में नगर पालिका बोर्ड की बैठक हुई। इसमें उन्होंने आम नगरवासियों के हितों को देखते हुए निर्माण और विकास से संबंधित 100 से अधिक महत्वपूर्ण मुद्दों को बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव के रूप में प्रस्तुत किया। बैठक में शामिल सभी सदस्यों ने चर्चा के दौरान गहन विचार के बाद सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी। विद्युत निगम और कुछ अन्य मामलों में बोर्ड सदस्यों ने विरोध जताया था। लेकिन पालिकाध्यक्ष के समझाने पर वे मान भी गए। बैठक में सभासदों ने पारित प्रस्तावों में अस्पतालों से निकलने वाले मेडिकल कचरे के निस्तारण के लिए प्लांट लगाने पर सहमति बनी।
इसी तरह ऑटो रिक्शा लाइसेंस की फीस मई तक न जमा करने पर जुर्माने के प्रावधान के प्रस्ताव को अगली बैठक में लाने, जलकल विभाग में संचालित जनरेटरों को वार्षिक देखरेख के लिए ठेके पर दिए जाने, किन्नूपुर में रास्ता बनाने के लिए भूमि का बदली करने, सभी नलकूपों का सुंदरीकरण करने, नगर पालिका में वर्कलोड के मद्देनजर अधिकारियों की कमी को दूर करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने, जन्म-मृत्यु दर्ज करने में हो रही देरी को दूर करने के लिए दो अतिरिक्त कंप्यूटरों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की वृद्धि करने, आजमगढ़ मोड़ पर अशोक स्तंभ के निर्माण के स्थान को बदलकर सेल्फी प्वाइंट पर किए जाने, नगर के अंदर पिंक टॉयलेट (महिला शौचालय) बनाने, फख्रूद्दीनपुरा के नलकूप ऑपरेटरों का हस्तांतरण करने, ब्रह्मस्थान टैक्सी स्टैंड में मल्टी स्टोरी कार पार्किंग बनाने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।
इमिलिया में बनेगा डिजिटल पुस्तकालय, हकीकतपुरा बरलाई में फूड स्ट्रीट हब
इनके अलावा जिन प्रस्तावों को मंजूर किया गया उनमें आगामी दुर्गापूजा, दशहरा, दीपावली, छठ पर्वाें के मद्देनजर आवश्यक निर्माण, पथ प्रकाश आदि कार्याें, इमिलिया में डिजिटल पुस्तकालय का निर्माण कार्य, हकीकतपुरा बरलाई में फूड स्ट्रीट हब, चिल्ड्रेन पार्क निर्माण कार्य कराये जाने, बकवल परसुपुरा में टाउन हाल का निर्माण, भीटी, निजामुद्दीनपुरा, औरंगाबाद रामघाट मंदिर, हरिकेशपुरा एवं बख्तावरगंज आदि में घाट निर्माण कार्य कराए जाने प्रस्ताव शामिल है।
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने कहा कि संपूर्ण नगर के साथ-साथ नगर में शामिल हुए नए क्षेत्रों को भी विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए पालिका तत्पर है। हम नगर के सर्वांगीण विकास के रास्ते में हर समस्या को दूर कर उचित सुव्यवस्था देने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। अंत में पूर्व सभासद फातिमा खातून के निधन पर दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। बैठक में अधिशासी अधिकारी-दिनेश कुमार, लेखाकार टीएन मिश्रा, राजस्व निरीक्षक अमृता राय, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्य प्रकाश, जलकल जेई-पंकज वर्मा, अवर अभियंता सिविल मनोज कुमार सोनकर, रमेशचन्द आदि शामिल रहे।