मऊ में विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर आयोजित समारोह में फार्मासिस्टों ने स्पष्ट कैडर, समय से पदोन्नति और उचित वेतनमान की मांग उठाई। नेताओं ने सरकार से फार्मासिस्टों के हित में कदम उठाने का आह्वान किया।
मऊ। विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में नगर पालिका कम्युनिटी हाॅल में समारोह का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि घोसी से सपा विधायक सुधाकर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सा क्षेत्र की रीढ़ हैं। इस बार विश्व फार्मासिस्ट दिवस को अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन द्वारा थिंक हेल्थ थिंक फार्मासिस्ट की थीम पर मनाया जा रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि बिना फार्मासिस्ट दवा वितरण अधूरा और असुरक्षित है। सरकार को चाहिए कि सभी विभागों में फार्मासिस्टों के लिए स्पष्ट कैडर, समय पर प्रमोशन और उचित वेतनमान लागू करे। साथ ही निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनिवार्य नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। फार्मासिस्ट के हितों की मांग वह विधानसभा में रखेंगे। वहीं
विशिष्ट अतिथि पूर्व नपाध्यक्ष तैयब पालकी ने कहा कि फार्मासिस्ट मरीजों की सुरक्षा की पहली गारंटी हैं। परंतु निजी अस्पतालों में उन्हें बहुत ही कम वेतन दिया जा रहा है, जबकि अस्पताल प्रबंधन बड़ी कमाई करता है। यह व्यवस्था बदलनी होगी। न्यूनतम वेतनमान कानून बनाकर लागू करना आज की आवश्यकता है। इसी क्रम में एसोसिएशन के प्रदेश संगठन प्रभारी
विज्ञापन
रजत राय ने कहा कि फार्मासिस्टों की उपेक्षा ठीक नहीं है। प्रदेश स्तर पर उनकी आवाज उठाई जाएगी। सरकार को तत्काल फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन 2015 (PPR 2015) लागू करना चाहिए, ताकि फार्मासिस्ट अपनी वास्तविक भूमिका निभा सकें और मरीजों को सुरक्षित व वैज्ञानिक दवा परामर्श मिल सके। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई फार्मासिस्टों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जैद ऐनुद्दीन, मसूद आलम, अजय मौर्या, संजय भारती, जयहिंद यादव, जमशेद अहमद, मोहम्मद सऊद अंसारी आदि फार्मासिस्ट शामिल रहे।