नेशनल हाइवे पर सड़क किनारे कुछ इस तरह से हमेशा रहता है अतिक्रमण। इससे यातायात संचालन पर होता है असर।
दोहरीघाट ब्लाक क्षेत्र का प्रमुख बाजार कुसुम्हा पटरी दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण तथा सवारी वाहन चालकों द्वारा वाहनों को आड़ा तिरछा खड़ा करने से जाम से जूझ रहा है। जबकि वाहन चालकों द्वारा वाहनों को रोककर सवारी उतारने व चढाने की वजह से लोगों को पैदल चलना मुश्किल है। हालत यह है कि सड़क संकरी होने के चलते सड़क दुर्घटना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है। शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी लापरवाह बने हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर दोहरीघाट ब्लाक क्षेत्र का कुसुम्हा बाजार है। प्रमुख बाजार होने के चलते क्षेत्र के दर्जनों गांवों गांवों के लोग बाजार में खरीदारी करने आते हैं। पटरी दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण तथा सवारी वाहन चालकों द्वारा आड़ा तिरछा खड़ा कर दिए जाने से सड़क संकरी हो जा रही है। इससे जाम की स्थिति हो जा रही है। आधा किमी तक फैले बाजार में वाहन से चलना तो दूर पैदल चलना मुश्किल है।
दो वर्ष पूर्व बसारथपुर निवासी शिवजोर यादव पुत्र सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। एक वर्ष पूर्व पूर्व पनईल गांव निवासी एक महिला सड़क पार करते समय घायल हो गई थी।
शिकायत के बाद भी अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से लोग आंदोलित हैं। इस संबंध मेें क्षेत्र के ग्राम प्रधान रामबचन यादव, अनिल उपाध्याय, मारकंडेय यादव, हरिनाथ यादव, चंदन उपाध्याय, शैलेश यादव ने कहा कि कुसुम्हा बाजार स्थित नेशनल हाइवे पर अतिक्रमण से सड़क दुर्घटना का ग्राफ तेजी बढ़ रहा है। लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहे।