मुहम्मदाबाद गोहना के टौंस नदी के पुल पर लगा जाम।
- फोटो : mau
मुहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग पर शुक्रवार को टौंस पुल के पास दोपहर बाद एक बजे निर्माणाधीन सड़क पर बेतरतीब खड़े तीन ट्रकों से गिराई जा रही मिट्टी से जाम लग गया। जिससे लोग भीषण गर्मी में कराह उठे। तीन घंटे तक एक किलोमीटर लंबे जाम ने लोगों को परेशान कर दिया। वह प्रशासन की व्यवस्थाओं कोसते रहे। जाम खत्म होनेे के बाद भी आगे निकलने के चक्कर में फिर जाम लग जा रहा था। जबकि पुलिस वालों का कहीं अता-पता नहीं था।
टौंस नदी पर पुल होने के नाते घोसी, जीयनपुर, वलीदपुर आैर मुहम्मदाबाद गोहना आदि कसबों को जाने के लिए एक ही रास्ता है जिससे यह मार्ग 24 घंटों काफी व्यस्त रहता है। यह सड़क इन दिनों बनाई जा रही है। इसके लिए ट्रकों से गिट्टी सड़क की पटरी पर गिराई जा रही है। शुक्रवार को दोपहर में तीन ट्रकों से पुल के गिट्टियों गिराई जाने लगी। इन ट्रकों को बेतरतीब खड़ा कर दिया गया था।
गिट्टी उतारने में काफी समय लग गया। इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया । ट्रकें खाली हो जाने के बाद भीषण जाम से निजात मिलने में लगभग तीन घंटे लग गए। राहगीर मनोज ,प्रवीण और संतलाल का कहना था कि सड़क के किनारे एक साइड से ट्रकों से गिट्टी गिराई जाती तो भारी जाम नहीं लगता अथवा गिट्टी रात में गिराई जाती तब भी जाम से लोगों को निजात मिलती। इस बाबत सीओ आलोक कुमार जायसवाल का कहना था कि ठेकेदार से कहा जाएगा कि वह निर्माण सामग्री का सही तरीके से उतरवाए। ताकि जाम जैसी स्थिति न पैदा हो।