सूरजपुर/मधुबन (मऊ)। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल किसान नौजवान पटेल यात्रा सोमवार को जिले में पहुंची। यात्रा का पूरे क्षेत्र में स्वागत किया गया। उन्होंने मधुबन क्षेत्र में जिले में दोहरीघाट,बंधन पुर, रसूलपुर, दरगाह, मधुबन में कई जनसभाओं को संबोधित किया। कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पर चौतरफा हल्ला बोला। कहा कि भाजपा के केंद्र और प्रदेश सरकारों की कुनीतियों से महंगाई चरम पर है। डीजल महंगा होने से सभी वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो गई है।
प्रदेश की जनता अखिलेश यादव की तरफ आशा भरी नजरों से देख रही है। अब अखिलेश यादव के पांच साल के कार्यकाल को जनता याद कर रही है। 2022 में प्रदेश की जनता एक बार फिर से अखिलेश यादव को पूर्ण बहुमत से प्रदेश की बागडोर सौंपने जा रही है। मधुबन में शहीद स्मारक पर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुष्प अर्पित किया।
क्षेत्र के बंधनपुर में नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी, नौजवान, महिलाएं बेहाल हैं। किसान फसल के उचित मूल्य की मांग करता है, नौजवान नौकरी की मांग करता है तो उनके ऊपर लाठियां बरसाई जाती हैं। सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध और महिला उत्पीड़न चरम पर पहुंच गया है। अपराधी बेलगाम हैं। किसानों की आय दोगुना करने का वादा कर कृषि कानूनों के माध्यम से किसान के खेत खलिहान पूंजीपतियों के हाथों बंधक बना देना चाहती है।
बढ़ती महंगाई एवं बढ़े कृषि लागत के अनुरूप खेती का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। गन्ना किसानों का गन्ना मूल्य भारी पैमाने पर बकाया है। कहा कि पेराई सीजन से पूर्व सभी बकाया गन्ना मूल्य का सरकार भुगतान करें। सरकार द्वारा निर्धारित रबी फसलों का समर्थन मूल्य लाभकारी नहीं है। विशिष्ट अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष सपा पिछडा़ प्रकोष्ठ अशोक कुशवाहा ने कहा कि इस किसान पटेल यात्रा का उद्देश्य सत्ता परिवर्तन है। प्रदेश अराजकता की आग में जल रहा है। युवा प्रदेश से पलायन कर रहे हैं।
सभा को निवर्तमान जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव, एमएलसी राकेश कुमार यादव गुड्डू, पूर्व विधायक उमेश चंद पांडेय ,सुजीत सिंह, कालेज प्रबंधक पूनम यादव ने संबोधित किया। इस दौरान तहसील क्षेत्र के सूरजपुर, दरगाह में भी किसान नौजवान पटेल यात्रा का जोरदार स्वागत हुआ।
इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय,उत्तराखंड प्रदेश के सपा कोषाध्यक्ष एवं नैनीताल के चुनाव प्रभारी सत्येन्द्र कुमार राय, सुजीत सिंह, चंद्रमणि यादव गुड्डू, राजेंद्र मिश्रा, रामायन यादव, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष लीलावती कुशवाहा, दूधनाथ यादव,अल्ताफ अंसारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल,शरद यादव, हरिश्चंद्र यादव, राहुल दूबे, जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव, पूर्व एमएलसी राम जतन राजभर, प्रभुनाथ यादव आदि रहे। सूरजपुर संवाददाता के अनुसार रसूलपुर में पूर्व विधायक उमेश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में सपा जनों ने यात्रा का स्वगात किया। बंधनपुर में प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा को संबोधित किया।
सपा प्रदेश अध्यक्ष का दोहरीघाट में किया स्वागत
दोहरीघाट। गोरखपुर से आते समय सरयू नदी पुल पर सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का गगनभेदी नारों के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. एचएन सिंह पटेल, संजय सिंह पटेल, विनीत कुशवाहा, राहुल दुबे, सुजीत कुमार विश्वकर्मा, सचिन यादव, विशाल यादव, सचिन चौरसिया, शिव कुमार जायसवाल सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे।