कोपागंज। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र की इनकमिंग मशीन में बुधवार को फाल्ट आ गई। जिससे कोपागंज नगर पंचायत समेत आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युतकर्मियों के प्रयास के बाद लगभग छह घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई। हालांकि इस बीच आपूर्ति बाधित होने की वजह से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पेयजल के लिए लोग इधर-उधर भटकते रहे।
कोपागंज नगर पंचायत समेत दर्जनों गांवों को डाड़ी और तड़ियाव विद्युत उपकेंद्र से बिजली सप्लाई मिलती है। बुधवार की सुबह कोपागंज नगर पंचायत फीटर की इनकमिंग मशीन में खराबी होने से तीनों फीडरों से जु़ड़े गांवों सहरोज, रेवरीडीह, छपरा, डाड़ी, खुखुंदवा, देवकली, विशुनपुर, लाड़नपुर, कोपागंज देहात, जयरामगढ़, अल्लीपुर, कोपागंज कस्बा की बिजली सप्लाई छह घंटे तक बाधित रही। बिजली नहीं रहने से नगरवासी सुबह से ही परेशान रहे। लोग पेयजल के लिए इधर-उधर भटकते दिखे। छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग ढाई बजे सप्लाई चालू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ दिलीप कुमार ने बताया कि इनकमिंग मशीन में फाल्ट होने से बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। फाल्ट ठीक करके दोपहर में आपूर्ति बहाल कर दी गई।
उधर लोगों का आरोप है कि बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। लोगों को शासन की मंशा के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है। आए दिन कभी लोकल फाल्ट तो कभी रोस्टिंग के नाम पर बिजली रूला रही है। मंगलवार की रात पुरानी मैनपुरी क्षेत्र में रात आठ बजे से 11 बजे तक बिजली की आवाजाही बनी रही। इस बाबत क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता मनोज चतुर्वेदी, रमेश गुप्ता, अनिल शर्मा, प्रमोद गुप्ता, अनिल गुप्ता, प्रशांत चतुर्वेदी का कहना है बिजली की आवाजाही का कारण जानने के लिए किए गए फोन रिसीव ही नहीं हुए। लोगों को यह भी पता नहीं चल सका कि बिजली की लगातार आवाजाही की वजह क्या है। गर्मी में लोग परेशान रहे।