मऊ पीसीएफ से संबद्ध गेहूं क्रय केंद्र लाखीपुर पर गेेहूं बेचने के महीनों बाद भी भुगतान न होने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
वक्ताओं ने कहा कि विभागीय अधिकारियों तथा कर्मचारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैए से किसानों को सरकार की महत्वाकांक्षी गेहूं खरीद योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कहा कि क्रय केंद्र लाखीपुर में 20 किसानों का गेहूं क्रय करने के बाद क्रय केंद्र प्रभारी ने रसीद भी दे दिया। लेकिन अभी तक भुगतान नहीं हो सका है। यह सब विभागीय अधिकारियों तथा कर्मचारियों की मिली भगत से हो रहा है। किसानों को सब काम छोड़कर अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर काटना पड़ रहा है। प्रशासनिक अधिकारी एक दूसरे को जिम्मेदारी बताकर मामले से पल्ला झाड़ ले रहे हैं। गेहूं खरीद का अब तक भुगतान न होने से आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। इससे खरीफ फसल की तैयारी प्रभावित हो रही है। गेहूं खरीद का भुगतान कब होगा आला अधिकारी बताने को तैयार नहीं हैं। समस्या का अविलंब समाधान नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन करने को बाध्य हो जाएंगे। इस अवसर पर सुदामा सिंह, श्रवण कुमार, योगेश मौर्य, सुरेंद्र कुमार चौहान, गुड्डू मौर्य, परमा पांडेय आदि रहे।