अमिला बोझी मार्ग पर खुले में डंप हो रहा कूड़ा।संवाद
नगर पंचायत अमिला क्षेत्र के विस्तारीकरण के बाद निकलने वाले गीले व सूखे कूड़े का उचित निस्तारण न होने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। कूड़ा अमिला–बोझी मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप व ईदगाह के समीप खुले में डंप किया जा रहा है, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है।
लोगों ने कहा कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। एक ओर प्रशासन किसानों के पराली जलाने पर सख्ती दिखाता है, वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत खुद ही नियमों की अनदेखी कर प्रदूषण फैला रही है।
कूड़े से उठने वाली दुर्गंध और उसे जलाने से निकलने वाला धुआं राहगीरों व आसपास के मोहल्लेवासियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि क्षेत्र के लोगों का जीना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय रोशन, सुनील, सुरेंद्र, कलावती समेत कई नागरिकों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि नगर पंचायत नियमित रूप से सड़क किनारे कूड़ा फेंक रही है और बाद में उसे आग के हवाले कर दिया जाता है। इससे जहरीली हवा फैलती है, जिसका सबसे ज्यादा असर स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर पड़ रहा है।
इस संबंध में नगर पंचायत अमिला के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार यादव ने बताया कि अब सड़क किनारे कूड़ा डंप करने की व्यवस्था बंद कर दी गई है।